डिस्कवरी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर वृत्तचित्र की घोषणा की, 15 अगस्त को होगा प्रसारण

डिस्कवरी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर वृत्तचित्र की घोषणा की, 15 अगस्त को होगा प्रसारण

डिस्कवरी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर वृत्तचित्र की घोषणा की, 15 अगस्त को होगा प्रसारण
Modified Date: July 31, 2026 / 08:14 pm IST
Published Date: July 31, 2026 8:14 pm IST

मुंबई, 31 जुलाई (भाषा) डिस्कवरी चैनल ने शुक्रवार को दो भाग में विभाजित वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) ‘‘डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर’’ की घोषणा की है, जिसके तहत पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के सैन्य अभियान की कहानी प्रस्तुत की जाएगी।

यह वृत्तचित्र 15 अगस्त को रात नौ बजे से रात 11 बजे तक डिस्कवरी और डिस्कवरी प्लस चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।

निर्माताओं के अनुसार, इस सीरीज में भारत के सैन्य नेतृत्व के प्रतिनिधियों, जमीनी स्तर पर अभियान से जुड़े कर्मियों, रक्षा विशेषज्ञों और पत्रकारों के अनुभव शामिल हैं। साथ ही, इसमें 88 घंटे चले सैन्य अभियान की योजना और उसे अंजाम देने की प्रक्रिया को भी दिखाया गया है।

यह वृत्तचित्र पिछले साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुई रणनीतिक चर्चाओं से लेकर सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के शुरू होने और उसे अंजाम देने तक की घटनाओं को दिखाती है और इस संघर्ष से जुड़ी पर्दे के पीछे की कहानी बताती है।

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के साउथ एशिया में फैक्चुअल एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और किड्स विभाग के प्रमुख साई अभिषेक ने कहा कि यह वृत्तचित्र कंपनी की नयी ‘‘डीक्लासिफाइड’’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत भी है।

अभिषेक ने कहा, ‘‘वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी में हम दर्शकों तक ऐसी प्रभावशाली कहानियां पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो उनके आसपास की दुनिया को बेहतर ढंग से समझने में उनकी सहायता करें। ‘डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर’ हमारी नयी ‘डिक्लासिफाइड’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत भी है, जिसके जरिए हम दर्शकों को इतिहास बदलने वाले अहम पलों के करीब लाना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस पहले वृत्तचित्र के लिए हमें भारत की तीनों सेनाओं के नजरिए के साथ-साथ मुख्य विशेषज्ञों और ऑपरेशन से सबसे करीब से जुड़े लोगों के विचारों को शामिल करने का मौका मिला, जो हमारे लिए सम्मान की बात है। इतनी बड़ी और खास जानकारी तक पहुंच मिलना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी और हमने इस विषय की गंभीरता, संवेदनशीलता और सच्चाई को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया है।’’

निर्माताओं के अनुसार, यह डॉक्यूमेंट्री सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी से आगे बढ़कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की योजना, सैन्य रणनीति और महत्वपूर्ण निर्णयों को दिखाती है, साथ ही इस मिशन में शामिल लोगों के अनुभवों को भी सामने लाती है।

भाषा सुरभि संतोष

संतोष


लेखक के बारे में