नागपुर में तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर बुजुर्ग की मौत
नागपुर में तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर बुजुर्ग की मौत
नागपुर, 30 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर शहर में रविवार को तेज रफ्तार एसयूवी वाहन से कुचलकर सैर पर निकले 74 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि एसयूवी चालक कथित तौर पर नशे में था, जिसकी वजह से वाहन अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया।
पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एसयूवी की रफ्तार संभवत: करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
मृतक की पहचान आवस्ती नगर के निवासी कैलास सौंधिया के रूप में हुई है। सुबह करीब छह बजे घटना के समय वह टहलने निकले थे।
पुलिस के अनुसार, सौंधिया वन कार्यालय परिसर के पास फुटपाथ पर चल रहे थे, तभी जापानी गार्डन की ओर से आयी टोयोटा इनोवा कार ने उन्हें कुचल दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि वाहन प्रशांत नगर निवासी तुषार रामरतन काकड़े (32) चला रहा था, जिसमें यश और हिमांशु नामक दो अन्य लोग भी सवार थे।
अधिकारी ने कहा, ‘तीनों लोग शराब के नशे में थे।’
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


