प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच शिवसेना नेता कडू ने एमपीएससी अध्यक्ष, सचिव के इस्तीफे की मांग की

प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच शिवसेना नेता कडू ने एमपीएससी अध्यक्ष, सचिव के इस्तीफे की मांग की

प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच शिवसेना नेता कडू ने एमपीएससी अध्यक्ष, सचिव के इस्तीफे की मांग की
Modified Date: August 30, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: August 30, 2026 8:33 pm IST

मुंबई, 30 अगस्त (भाषा) शिवसेना के विधान परिषद सदस्य बच्चू कडू ने रविवार को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के अध्यक्ष और सचिव से ‘‘नैतिक आधार’’ पर इस्तीफा देने की मांग की। एफडीए निरीक्षक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सामने आए विवादों के बीच उन्होंने यह मांग की है।

पुलिस ने इस साल की शुरुआत में हुई औषधि निरीक्षक (समूह-बी) प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक होने के मामले में बुधवार को एमपीएससी के तीन अधिकारियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था।

अधिकारियों ने बताया था कि आरोपियों ने कथित तौर पर परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र हासिल कर लिए थे, उन्हें एक अलग सेट में तैयार किया और अनधिकृत लोगों तक पहुंचाया।

कडू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आयोग के शीर्ष पदाधिकारियों को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो मैं मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से उनके इस्तीफे की मांग करूंगा।’’

उन्होंने कहा कि एमपीएससी के अध्यक्ष और सदस्यों का किसी भी तरह का राजनीतिक जुड़ाव या संबंध नहीं होना चाहिए। कडू ने यह भी कहा कि आयोग का सचिव राज्य सचिवालय कैडर के अधिकारी के बजाय भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का वरिष्ठ अधिकारी होना चाहिए।

कडू ने आयोग के मौजूदा संयुक्त सचिव और परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति की विस्तृत जांच की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रालय कैडर के अधिकारियों को आयोग की मंजूरी के बिना प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया।

भाषा आशीष संतोष

संतोष


लेखक के बारे में