मुंबई के निकट खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा, व्यस्त समय में उपनगरीय सेवाएं प्रभावित
मुंबई के निकट खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा, व्यस्त समय में उपनगरीय सेवाएं प्रभावित
(तस्वीर सहित)
मुंबई, 20 अप्रैल (आई) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली स्टेशन के पास सोमवार को एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क पर सेवाएं प्रभावित हुईं और व्यस्त समय में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि चूंकि ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ है।
यात्रियों ने दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) को पड़ोसी जिले ठाणे और रायगढ़ से जोड़ने वाली मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर सेवाएं 20 से 30 मिनट देरी से चलने की शिकायत की है।
उपनगरीय सेवाओं में व्यवधान के कारण ट्रेन और प्लेटफार्म यात्रियों से खचाखच भरे रहे।
उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह आठ बजकर नौ मिनट पर उस समय घटी जब ट्रेन कलवा ईएमयू कार शेड से कल्याण की ओर जा रही थी।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारण कम से कम तीन लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं।
मध्य रेलवे के अनुसार घटना के लगभग दो घंटे बाद, सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर डिब्बे को वापस पटरी पर चढ़ाया गया और 10 बजकर 45 मिनट पर इस लाइन पर यातायात फिर से शुरू हो गया।
व्यवधान के दौरान ‘स्लो लाइन’ की ट्रेनों को ‘फास्ट लाइन’ से गुजारा गया।
कुछ स्टेशनों पर कल्याण जाने वाली उपनगरीय सेवाएं नहीं मिलने से यात्रियों को असुविधा हुई।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल निला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डिब्बे को पटरी पर चढ़ा दिया गया है और प्रभावित ‘स्लो लाइन’ पर यातायात फिर से शुरू हो गया है।
भाषा
खारी वैभव
वैभव

Facebook


