तीन साल की बेटी का गला घोंटने के आरोप में पिता गिरफ्तार
तीन साल की बेटी का गला घोंटने के आरोप में पिता गिरफ्तार
पुणे, सात मई (भाषा) पुणे में दंपति के झगड़े में पिता ने अपने दो बच्चों की जान लेने की कोशिश की। इस दौरान तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका भाई बच गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि सागर सदाशिव शिंदे (29) को अपनी तीन वर्षीय बेटी हर्षदा का गला घोंटकर उसकी लाश वन में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना तब सामने आई जब उसका पांच वर्षीय बेटा आर्यन बच गया और राहगीरों ने उसे देखा।
अलेफाटा थाना के एक अधिकारी ने कहा, मोशी के गायकवाड़ बस्ती के निवासी शिंदे का अपनी पत्नी के साथ लगातार झगड़ा होता रहता था। उन्होंने कहा कि शिंदे की पत्नी करीब छह महीने पहले उसे और दो बच्चों को छोड़कर चली गई थी।
अधिकारी ने बताया, ‘शिंदे मंगलवार को आर्यन और हर्षदा को सैर के बहाने उस इलाके में ले गया। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने संतवाड़ी में पुणे-नासिक राजमार्ग के किनारे जंगल के पास एक बच्चे को रोते हुए देखा, जिससे अपराध का पता चला। पुलिस ने बाद में बच्चों के दादा-दादी से संपर्क किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।’
उन्होंने बताया कि शिंदे को तब पकड़ा गया जब वह घर लौटा और उसने परिवार के सदस्यों को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि बच्चे चाकन में किराए के एक कमरे में हैं। इससे उसके रिश्तेदारों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
अधिकारी के अनुसार शिंदे को भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या और अन्य अपराधों के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


