एफडीए ने एमसीए परिसर में पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए
एफडीए ने एमसीए परिसर में पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए
मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) परिसर में स्थित पांच प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और साफ-सफाई में खामियां पाई गईं।
एफडीए ने सोमवार को बताया कि उसके राज्यव्यापी अभियान के तहत एमसीए के पांच प्रतिष्ठान सहित 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
एफडीए की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान 45 होटल, रेस्तरां, भोजनालय और ढाबों का निरीक्षण किया गया, 33 प्रतिष्ठानों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए और 25 स्थानों पर छापे मारे गए।
कार्रवाई की जद में आए एमसीए के पांच प्रतिष्ठानों में परमिट रूम, पवेलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर शामिल हैं। एफडीए ने 20 अगस्त को इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था और स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और साफ-सफाई से जुड़ी विभिन्न खामियां पाई थीं।
एमसीए परिसर के पांच प्रतिष्ठानों के अलावा राज्यव्यापी कार्रवाई में माहिम स्थित लेनेक्सिस फूडवर्क्स, शिवाजी पार्क स्थित कैफे कैडेल, मुलुंड स्थित चाइना टाउन फास्ट फूड सेंटर, वारजे स्थित मोरया मिसल और नागपुर स्थित साओजी उपहार गृह भी शामिल हैं।
एफडीए ने चाइना टाउन फास्ट फूड सेंटर का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निरीक्षण में कृत्रिम रंग और एमएसजी का अत्यधिक इस्तेमाल, अत्यधिक ऑक्सिडाइज खाना पकाने के तेल का बार-बार इस्तेमाल, कॉकरोच का प्रकोप, अस्वच्छ तरीके से खाद्य पदार्थों का भंडारण और अपर्याप्त जल निकासी पाई गई।
एफडीए ने पुणे स्थित मोरया मिसल का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया जहां खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंग का इस्तेमाल तथा समाप्त हो चुके खाद्य उत्पादों का भंडारण और इस्तेमाल पाया गया।
यह कार्रवाई महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी आवश्यकताओं के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में तेजी लाए जाने के बीच की गई है।
भाषा
अमित नरेश
नरेश

Facebook


