ठाणे में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर झगड़ा; तीन यात्री घायल

ठाणे में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर झगड़ा; तीन यात्री घायल

ठाणे में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर झगड़ा; तीन यात्री घायल
Modified Date: July 16, 2026 / 10:09 am IST
Published Date: July 16, 2026 10:09 am IST

ठाणे, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक लोकल ट्रेन में देर रात सीट को लेकर हुए झगड़े में तीन यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की वरिष्ठ निरीक्षक अर्चना दुसाने ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना अंबरनाथ जाने वाली लोकल ट्रेन के सामान रखने वाले डिब्बे में हुई।

बृहस्पतिवार को रात 12 बजकर दो मिनट पर कल्याण जीआरपी नियंत्रण कक्ष को ट्रेन के सामान वाले डिब्बे में यात्रियों के बीच लड़ाई की सूचना मिली। इसके बाद कल्याण रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही जीआरपी के कर्मचारी वहां पहुंचे।

दुसाने ने बताया कि जांच से पता चला है कि डोंबिवली और ठाकुरली स्टेशनों के बीच ट्रेन चलने के दौरान सीट साझा करने को लेकर कुछ यात्रियों के बीच तीखी बहस हो गई।

उन्होंने बताया कि बहस हाथापाई में बदल गई। इस घटना में राजू वाघे (19), साहिल खंडारे (19) और प्रितेश कनौजिया (31) घायल हो गए।

अधिकारी ने कहा कि घायलों को कल्याण के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। इनमें से दो को बाद में बेहतर उपचार के लिए मुंबई के लोकमान्य तिलक नगर निगम अस्पताल (सायन अस्पताल) रेफर किया गया।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।

भाषा सुरभि प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में