आदित्य को मानहानि नोटिस देने की सतीश सालियान की कोशिश प्रचार हासिल करने के लिए थी : राउत

आदित्य को मानहानि नोटिस देने की सतीश सालियान की कोशिश प्रचार हासिल करने के लिए थी : राउत

आदित्य को मानहानि नोटिस देने की सतीश सालियान की कोशिश प्रचार हासिल करने के लिए थी : राउत
Modified Date: September 20, 2026 / 07:33 pm IST
Published Date: September 20, 2026 7:33 pm IST

मुंबई, 20 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन उनके पिता सतीश सालियान द्वारा आदित्य ठाकरे को मानहानि का नोटिस देने की कोशिश प्रचार हासिल करने का प्रयास थी।

राउत ने संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना (उबाठा) दिशा सालियान की मौत से दुखी है। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। यह उस लड़की का दुर्भाग्य है कि उसके पिता ने तमाशा खड़ा किया। यह पीड़ा नहीं है।’’

सतीश सालियान शनिवार को यहां शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ पहुंचे थे और उनके बेटे एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस देने की कोशिश की थी।

सीबीआई जांच का उल्लेख करते हुए राउत ने कहा कि अदालत ने कुछ निर्देश दिए हैं और उनका पालन किया जाना चाहिए। राउत ने कहा, ‘‘प्रचार के लिए जिस तरह आप मातोश्री आए, वह बेहद घटिया है।’’

उन्होंने दावा किया कि शिवसेना (उबाठा) को पता है कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है। उन्होंने बिना विस्तार से बताए कहा कि यह सब ‘‘नेपाल कनेक्शन वाले एक शराबी’’ के कारण हो रहा है।

सतीश सालियान ने शनिवार को आरोप लगाया था कि विधायक आदित्य ठाकरे ने उनकी मानहानि की है। सीबीआई ने 2020 में दिशा सालियान की मौत के संबंध में हाल में एक प्राथमिकी दर्ज की है।

आदित्य ठाकरे ने इस सप्ताह की शुरुआत में स्पष्ट रूप से कहा था कि सालियान की मौत के मामले से उनका कोई संबंध नहीं है और वह उनसे कभी नहीं मिले थे। उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को चेतावनी दी थी कि उनके परिवार को निशाना बनाकर चलाए जा रहे ‘‘चरित्र हनन’’ अभियान को नहीं रोका गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।

इससे पहले राउत ने दावा किया था कि सतीश सालियान को कोई ‘‘नियंत्रित’’ कर रहा है।

दिशा ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मैनेजर के रूप में कुछ समय काम किया था। आठ जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। उसके एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को राजपूत बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे, जिसके बाद दोनों मौतों के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगाई गई थीं।

मुंबई पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी और बाद में जांच के बाद कहा था कि दिशा ने आत्महत्या की थी।

मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा दिशा सालियान की मौत का मामला केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपे जाने के बाद सीबीआई ने हाल में इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की है। अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि किसी को आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया जाए।

उच्च न्यायालय ने दो सितंबर को सालियान की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिया था और छह साल तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करने को लेकर मुंबई पुलिस को फटकार लगाई थी। अदालत ने कहा था कि उसकी जांच ‘‘जवाब से अधिक सवाल खड़े करती है’’।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में