महाराष्ट्र विधानसभा की 10 सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए

महाराष्ट्र विधानसभा की 10 सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए

महाराष्ट्र विधानसभा की 10 सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए
Modified Date: April 30, 2026 / 05:46 pm IST
Published Date: April 30, 2026 5:46 pm IST

मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीट के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल किए गए जिनमें से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह उम्मीदवार मैदान में उतारे जबकि विपक्ष ने एकमात्र सीट के लिए एक उम्मीदवार का नामांकन करवाया है।

इस एकमात्र सीट पर विपक्ष जीत हासिल कर सकता है।

इस द्विवार्षिक चुनाव की निर्धारित तिथि 12 मई है और नामांकन की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार को अंतिम क्षण तक अगर कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया जाता है तो संभवत: इन सभी का निर्विरोध चुना जाना तय है।

विपक्ष की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) ने परिषद में विपक्ष के पूर्व नेता, शिवसेना (उबाठा) के अंबादास दानवे को मैदान में उतारा है।

सत्ताधारी सहयोगी दलों में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे को फिर से उम्मीदवार बनाया और पूर्व विधायक बच्चू कडू भी मैदान में हैं।

कडू बृहस्पतिवार को पार्टी में शामिल हुए और गोरहे अपना पांचवां विधान परिषद चुनाव लड़ेंगी।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा ने सुनील विनायक कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे, विवेक बिपिंदादा कोल्हे और प्रमोद शांताराम जठार को उम्मीदवार बनाया। उपचुनाव के लिए प्रज्ञा राजीव सातव को मैदान में उतारा गया है।

सभी छह उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

कर्जतकर भाजपा के एक अनुभवी सदस्य हैं जो कभी पार्टी के दिग्गज नेता प्रमोद महाजन के करीबी थे। वह पहले पार्टी के लिए चुनाव रणनीतिकार के रूप में काम कर चुके हैं।

विवेक कोल्हे भाजपा की पूर्व विधायक स्नेहलता कोल्हे के बेटे हैं।

संजय भेंडे 2024 में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के लोकसभा चुनाव के प्रभारी थे और नागपुर शहरी सहकारी बैंक के अध्यक्ष हैं।

भाजपा की राज्य इकाई की महासचिव माधवी नाइक ठाणे निवासी हैं।

प्रमोद जाठर सिंधुदुर्ग जिले से भाजपा के पूर्व विधायक हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत राज्य विधान परिषद के नौ सदस्यों का कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो जाएगा।

कांग्रेस की पूर्व सदस्य प्रज्ञा सातव के इस्तीफे से खाली हुई सीट के लिए अलग से उपचुनाव कराया जाएगा। इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुईं सातव का कार्यकाल मूल रूप से 27 जुलाई, 2030 को समाप्त होना था।

नामांकन पत्रों की जांच दो मई को होगी जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि चार मई है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में