टीसीएस कर्मी आत्महत्या मामले में दो सहकर्मियों सहित तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
टीसीएस कर्मी आत्महत्या मामले में दो सहकर्मियों सहित तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुणे, 12 जून (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के 48 वर्षीय एक कर्मचारी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कंपनी के दो कर्मचारियों समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
टीसीएस ने एक बयान में कहा कि उसने अपने कर्मचारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का संज्ञान लिया है और तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी पड़ोसी शहर पिंपरी-चिंचवड के भोसरी पुलिस थाने में मृत कर्मचारी के बेटे की तहरीर के आधार पर दर्ज की गई है।
टीसीएस के हिंजेवाड़ी कार्यालय में कार्यरत अमित ब्रह्मे ने कथित तौर पर दो जून को भोसरी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
उन्होंने कथित ‘सुसाइड नोट’ में अपने मित्र विनोद पालिचा का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उसने उनके बारे में कंपनी को मानहानिकारक ईमेल भेजे थे।
सुसाइड नोट में उनकी महिला सहकर्मियों अर्चना और शाश्वती का भी उल्लेख है। ब्रह्मे ने आरोप लगाया कि दोनों सहकर्मी उसे अन्य कर्मचारियों के सामने बार-बार अपमानित करती थीं, उन्हें अनुकूल कार्य नहीं देती थीं और उनकी विशेषज्ञता से बाहर की परियोजनाएं सौंपती थीं।
सुसाइड नोट के अनुसार, दोनों महिला सहकर्मियों ने उनके कार्य प्रदर्शन को लेकर उन्हें फटकार लगाई, अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में नौकरी छोड़ने के लिए कहा और प्रतिकूल प्रतिक्रिया देने की धमकी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कहा, ‘‘हमने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।’’
टीसीएस ने एक बयान में कहा कि उसने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का संज्ञान लिया है।
कंपनी ने कहा, ‘‘ कर्मचारियों का कल्याण हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का भी संज्ञान लिया है और तथ्यों की जांच कर रहे हैं।’’
टीसीएस ने कहा कि वह अपने सभी कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक, सहयोगपूर्ण और समावेशी कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बीच, सूचना प्रौद्योगिकी कर्मचारियों के संगठन ‘नेसेंट इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्प्लॉइज सीनेट’ (नाइट्स) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
भाषा
राखी धीरज
धीरज

Facebook


