ठाणे में महानगर पालिका के पुराने कार्यालय में लगी आग, अभिलेख और फर्नीचर जलकर खाक
ठाणे में महानगर पालिका के पुराने कार्यालय में लगी आग, अभिलेख और फर्नीचर जलकर खाक
ठाणे, 23 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महानगर पालिका के एक पुराने कार्यालय के भवन में आग लग गई, जिससे अभिलेख और फर्नीचर जलकर खाक हो गए। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ठाणे के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम लगभग छह बजकर 50 मिनट पर मुंब्रा स्थित सहयोग अपार्टमेंट में वार्ड समिति कार्यालय में हुई और इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और रात करीब नौ बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आग के कारण महानगर पालिका कार्यालय के सभी अभिलेखों के साथ-साथ फर्नीचर व अन्य सामान खाक हो गए।’’
उन्होंने बताया कि अधिकारी यह सत्यापित करेंगे कि क्या मुंब्रा स्थित पुराना वार्ड कार्यालय भवन उन इमारतों की सूची में शामिल था, जिन्हें खतरनाक घोषित किया गया है और जिन पर कार्रवाई की आवश्यकता है।
आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


