मुंबई के गोवंडी और बोरीवली में आग लगने की घटनाएं, कोई घायल नहीं
मुंबई के गोवंडी और बोरीवली में आग लगने की घटनाएं, कोई घायल नहीं
मुंबई, 14 मार्च (भाषा) मुंबई के गोवंडी इलाके में स्थित एक लकड़ी के गोदाम और बोरीवली की एक आवासीय इमारत में शनिवार सुबह आग लग गई। हालांकि, इन दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, सुबह 8:40 बजे गोवंडी के न्यू गौतम नगर इलाके में पीएल लोखंडे मार्ग पर स्थित एक लकड़ी के गोदाम में लगी आग को बुझाने के लिए मौके पर दमकल की कम से कम चार गाड़ियां पहुंची और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पूर्वाह्न 11:35 बजे आग पर काबू पाया गया है।
वहीं, बोरीवली (पश्चिम) की एमएचबी कॉलोनी में स्थित आठ मंजिला ‘प्रथमेश टावर’ की वातानुकूलन (एसी) ‘डक्ट’ में सुबह 10:55 बजे आग लग गई, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां, मुंबई पुलिस, अदाणी इलेक्ट्रिसिटी और वार्ड स्टाफ के कर्मी मौके पर पहुंचे हैं।
इस आवासीय इमारत में लगी आग पर पूर्वाह्न 11:50 बजे काबू पाया गया।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि

Facebook


