कुख्यात अपराधी के घर के गुप्त कमरे से आग्नेयास्त्र, नकली नोट, तलवारें और गोलियां बरामद
कुख्यात अपराधी के घर के गुप्त कमरे से आग्नेयास्त्र, नकली नोट, तलवारें और गोलियां बरामद
ठाणे, दो अप्रैल (भाषा) ठाणे जिले के डोंबिवली में एक कुख्यात अपराधी के घर पर छापेमारी के बाद पिस्तौल और रिवॉल्वर सहित आग्नेयास्त्र, चाकू व तलवार जैसे हथियार और साथ ही 3.52 लाख रुपये के नकली भारतीय नोट (एफआईसीएन) बरामद किए गए। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव ने पत्रकारों को बताया कि दावड़ी में कई आपराधिक मामलों में शामिल निर्माण व्यवसायी सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल (55) के घर पर 30 मार्च को एक सूचना के बाद छापा मारा गया।
जाधव ने बताया, ‘कल्याण की अपराध शाखा इकाई तीन ने घर की आलमारी के जरिए प्रवेश वाले एक गुप्त शयनकक्ष से आग्नेयास्त्र, गोलियां, तलवारें, चाकू और नकली नोट बरामद किए। बरामदगी में तीन देसी पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, दो एयर गन और 405 कारतूस शामिल हैं।’
डीसीपी ने बताया कि बाद में की गई तलाशी में 167 छर्रे, सात देसी चाकू, तलवारें, हंसिया, एक लोहे की तलवार और एक बटन चाकू के साथ-साथ 3.52 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए। उन्होंने बताया कि जब्त की गई वस्तुओं का कुल मूल्य 12.21 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि पाटिल के नाम पर मनपाड़ा, डोंबिवली और महात्मा फुले चौक थानों में हत्या के प्रयास, हथियार रखने, यौन उत्पीड़न और बिजली चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं और सहायक निरीक्षक सरजेराव पाटिल के नेतृत्व में एक टीम जांच कर रही है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


