इमारत के तहखाने में आग लगने से पांच लोग घायल, 40 दोपहिया वाहन नष्ट
इमारत के तहखाने में आग लगने से पांच लोग घायल, 40 दोपहिया वाहन नष्ट
ठाणे, 15 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार तड़के एक इमारत के तहखाने में आग लगने से पांच लोग घायल हो गए और 40 दोपहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि डोंबिवली कस्बे के सागांव इलाके में स्थित एक आवासीय भवन के तहखाने में स्थित पार्किंग में आग सुबह करीब चार बजे लगी।
कल्याण डोंबिवली नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी नामदेव चौधरी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि एक महिला झुलस गई, जबकि एक व्यक्ति इमारत की पहली मंजिल स्थित एक फ्लैट से कूदने के बाद घायल हो गया और तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि घायल हुए सभी व्यक्ति पहली मंजिल पर रहते थे और उनका उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि तहखाने में कम से कम 40 दोपहिया वाहन आग में नष्ट हो गए।
उन्होंने बताया कि दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर एक घंटे के भीतर काबू पाया। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा शुभम अमित
अमित

Facebook


