आंध्र प्रदेश : नायडू ने मेगा डीएससी-2025 शिक्षक भर्ती अभियान का बचाव किया
आंध्र प्रदेश : नायडू ने मेगा डीएससी-2025 शिक्षक भर्ती अभियान का बचाव किया
अमरावती, 17 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को ‘मेगा डीएससी-2025’ शिक्षक भर्ती अभियान का बचाव करते हुए कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई गई और इसमें किसी तरह का समझौता नहीं किया गया।
विधानसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि प्रत्येक उम्मीदवार का चयन जवाबदेही के साथ किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘सब कुछ पारदर्शी था…हर उम्मीदवार का चयन सत्यापित किया जा सकता है और उसके लिए जवाबदेही तय है।’’
उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजित करने में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया गया।
नायडू ने कहा कि ‘मेगा डीएससी’ के जरिए शिक्षकों की भर्ती सरकार के प्रमुख चुनावी वादों में से एक को पूरा करती है।
उन्होंने बताया कि डीएससी परीक्षा के लिए 3.3 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और इसके तहत सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 15,941 पदों पर भर्ती की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया 148 दिनों में पूरी की गई। इस दौरान 89 परीक्षा सत्र आयोजित किए गए और 13 विषयों के 42,000 प्रश्न तैयार किए गए।
नायडू ने कहा कि नौकरी पाने वाले उम्मीदवार खुश हैं और उनकी कहानियां भावुक कर देने वाली हैं। उन्होंने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों ने सात वर्षों तक परीक्षा की तैयारी की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने डीएससी-2025 में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए खेल कोटा भी लागू किया।
वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी पर निशाना साधते हुए नायडू ने आरोप लगाया कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार एक भी शिक्षक पद भरने में ‘‘विफल’’ रही थी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछली सरकार के कार्यकाल में 10 लाख से 12 लाख छात्रों ने सरकारी स्कूल छोड़ दिए थे, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में एक लाख छात्र निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों में आए हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती अधिसूचना में कोई बदलाव नहीं किया गया था लेकिन इसके बावजूद विपक्षी दल ने डीएससी-2025 के खिलाफ 300 से अधिक मामले दायर किए।
नायडू ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात पर हैरानी है कि वाईएसआरसीपी ‘‘एकमात्र’’ ऐसी पार्टी है, जिसने दो साल से अधिक समय तक सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


