ठाणे में कार की ट्रक से टक्कर हो जाने के बाद चालक की मौत, आईटी कंपनी के चार कर्मचारी घायल
ठाणे में कार की ट्रक से टक्कर हो जाने के बाद चालक की मौत, आईटी कंपनी के चार कर्मचारी घायल
ठाणे, 14 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंबई-नासिक राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक कार के ट्रेलर ट्रक से टकरा जाने के बाद कार चालक की मौत हो गई और एक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी के चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ठाणे आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि घायल हुए लोग दफ्तर से घर लौट रहे थे और तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर खारेगांव टोल प्लाज़ा के समीप एक पेट्रोल पंप के पास यह घटना घटी।
उन्होंने बताया कि चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन एक ट्रेलर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया और ज़ोरदार टक्कर हो जाने के बाद वह कार के अंदर ही फंस गया।
सूचना मिलने के बाद बचाव टीम मौके पर पहुंची।
तड़वी ने बताया कि टीम ने गंभीर रूप से घायल हुए कार चालक को बाहर निकाला और उसे कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान ठाणे के वागले एस्टेट निवासी दीपक पाटेकर (26) के रूप में हुई है।
कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
कार सवार इन चार लोगों की उम्र 20 से 23 साल के बीच है और वे डोंबिवली के रहने वाले हैं।
अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त हुए वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से हटा दिया गया और थोड़ी देर के लिए यातायात प्रभावित भी रहा, जिसे बहाल कर दिया गया।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


