नवी मुंबई में खाद्य सामग्री की पैकेजिंग से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

नवी मुंबई में खाद्य सामग्री की पैकेजिंग से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

नवी मुंबई में खाद्य सामग्री की पैकेजिंग से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
Modified Date: September 1, 2026 / 11:24 am IST
Published Date: September 1, 2026 11:24 am IST

ठाणे, एक सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नवी मुंबई में एक बड़े खाद्य पैकेजिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो नामी कंपनियों के निर्यात किए जाने वाले उत्पादों पर निर्माण और इस्तेमाल की अंतिम तिथि बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में बेचता था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई में 76 लाख रुपये से अधिक मूल्य का खाद्य सामान और इस्तेमाल की अवधि पूरी कर चुके उत्पाद जब्त किए गए।

एफडीए की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जब्त सामान में लोकप्रिय जलपान, पेय पदार्थ और तुरंत तैयार किए जा सकने वाले खाद्य पदार्थ शामिल हैं। इनमें वेफर्स और आलू के चिप्स, एक लोकप्रिय ब्रांड के नूडल्स और सूप, मेयोनेज के पैकेट तथा शीतल पेय पदार्थ बनाने वाली प्रमुख कंपनियों के डिब्बे शामिल हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह गिरोह पैकेट पर दर्ज निर्माण की तारीख और इस्तेमाल की अंतिम तिथि को मिटाकर नयी तिथियां अंकित करता था। इसके अलावा, गिरोह इस्तेमाल की अवधि पूरी कर चुके सामान को दोबारा बेचने के लिए उस पर नए लेबल चिपकाता था।

एफडीए और नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में स्थित ‘मेसर्स साधना एंटरप्राइजेज’ पर 24 से 29 अगस्त के बीच मिलकर यह कार्रवाई की।

एफडीए ने बताया कि प्रतिष्ठान में मुंबई, नयी दिल्ली और नोएडा की 10 प्रमुख निर्यातक कंपनियों से जुड़े उत्पादों का भंडारण और दोबारा पैकेजिंग करने के साथ उनके लेबल में अवैध रूप से छेड़छाड़ की जा रही थी। उसने बताया कि प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और तुर्भे थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में