एसआईआर: महाराष्ट्र की मसौदा मतदाता सूची में नासिक और मुंबई उपनगर में लैंगिक अंतर सबसे अधिक
एसआईआर: महाराष्ट्र की मसौदा मतदाता सूची में नासिक और मुंबई उपनगर में लैंगिक अंतर सबसे अधिक
मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद महाराष्ट्र की मसौदा मतदाता सूची में नासिक और मुंबई उपनगर जिलों में पुरुष और महिला मतदाताओं के बीच सबसे अधिक अंतर दर्ज किया गया है, जबकि रत्नागिरी एकमात्र ऐसा जिला बनकर उभरा है जहां महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा सोमवार को जारी एसआईआर के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 36 जिलों में मसौदा सूची में 7.71 करोड़ मतदाता शामिल हैं, जिसमें राज्य भर में पुरुषों की संख्या महिलाओं से 20.17 लाख से अधिक है।
नासिक में 19.6 लाख महिला मतदाताओं के मुकाबले 21.09 लाख पुरुष मतदाता हैं, जो 1.41 लाख का अंतर दर्शाता है। वहीं मुंबई उपनगर में 26.51 लाख पुरुष और 25.2 लाख महिला मतदाता हैं, जहां यह अंतर 1.31 लाख का है।
इसके विपरीत, नागपुर में 15.99 लाख पुरुष मतदाता और 15.95 लाख महिला मतदाता हैं, जिनमें केवल 4,321 का मामूली अंतर है। सिंधुदुर्ग में 3.05 लाख पुरुष और 2.9 लाख महिला मतदाता हैं, जहां 6,015 का अंतर है।
दिलचस्प बात यह है कि रत्नागिरी एकमात्र ऐसा जिला है जहां महिलाओं (6.09 लाख) की संख्या पुरुषों (5.87 लाख) से 22,188 के उल्लेखनीय अंतर से अधिक है।
सोमवार को प्रकाशित महाराष्ट्र की मसौदा मतदाता सूची में सभी 36 जिलों और 288 विधानसभा क्षेत्रों के 7.71 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इसमें 3.95 करोड़ पुरुष मतदाता, 3.75 करोड़ महिला मतदाता और 3,087 तृतीय-लिंगी मतदाता हैं।
जिलों में पुणे में सबसे अधिक 62.13 लाख मतदाता हैं, जिनमें से 31.51 लाख पुरुष और 30.62 लाख महिलाएं हैं। इसके बाद 51.71 लाख मतदाताओं के साथ मुंबई उपनगर दूसरे स्थान पर है।
सीईओ कार्यालय के अनुसार, जिन पात्र मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से गायब हैं, वे 31 अगस्त से 30 सितंबर के बीच अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


