पुणे में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के मामले में सरकार मृत्युदंड की मांग करेगी: फडणवीस

पुणे में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के मामले में सरकार मृत्युदंड की मांग करेगी: फडणवीस

पुणे में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के मामले में सरकार मृत्युदंड की मांग करेगी: फडणवीस
Modified Date: May 3, 2026 / 03:29 pm IST
Published Date: May 3, 2026 3:29 pm IST

नागपुर, तीन मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को आश्वासन दिया कि सरकार पुणे में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के मामले के आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे की सुनवाई में तेजी लाएगी।

पुणे जिले की भोर तहसील में एक मई को एक बच्ची की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या कर दी गयी थी और पुलिस ने आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

इस घटना से भोर क्षेत्र में व्यापक आक्रोश फैल गया और सैकड़ों ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना की और राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा कि उन्होंने बच्ची के परिवार से बात की और उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा, “मैंने बच्ची के पिता से दो बार बात की और उन्हें बताया कि हम आरोपियों को मौत की सजा दिलाने के लिए काम करेंगे। तदनुसार, हम मामले की सुनवाई में तेजी लाएंगे और इसे रिकॉर्ड समय में पूरा करेंगे।”

फडणवीस ने कहा कि जघन्य अपराधों के मामलों में भले ही लोगों को आरोपियों को सरेआम फांसी देने का मन करता हो लेकिन कानून के तहत ऐसा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच सही तरीके से पूरी की जाएगी ताकि बाद में दुरुपयोग के लिए कोई खामी न रह जाए और राज्य सरकार आरोपी को मृत्युदंड दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पीड़ित परिवार को पत्र लिखकर उन्हें समर्थन का आश्वासन भी दिया है।

भाषा जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में