मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी: अर्ध-सरकारी कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश
मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी: अर्ध-सरकारी कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश
मुंबई, छह जुलाई (भाषा) राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने सोमवार को मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए निजी कार्यालयों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी है। इसके साथ ही गैर-आवश्यक और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के लिए आधे दिन का अवकाश घोषित किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह परामर्श भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किए जाने के बाद आया है, जिसमें राज्य की राजधानी और पड़ोसी ठाणे तथा रायगढ़ जिलों में 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ अत्याधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।
एसडीएमए द्वारा ‘एक्स’ पर जारी परामर्श के अनुसार, निजी प्रतिष्ठानों से, जहां भी संभव हो, अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने को कहा गया है जबकि आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को दोपहर के बाद आधे दिन की छुट्टी दी गई है।
महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने लोगों से अपील की कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने विपक्षी दलों से स्थिति का राजनीतिकरण न करने का आग्रह किया।
महाजन ने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, “लोगों को आज बिल्कुल भी बाहर नहीं निकलना चाहिए। कृपया पर्यटन के लिए बाहर न जाएं। हम जल्द ही कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने की घोषणा करेंगे। कृपया बाहर न निकलें।”
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


