ईंधन बचाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल कर रही हूं: अमृता फडणवीस
ईंधन बचाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल कर रही हूं: अमृता फडणवीस
मुंबई, 27 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने बुधवार को कहा कि ईंधन की बचत को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर अमल करते हुए उन्होंने कम दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
अमृता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुंबई की सड़कों पर साइकिल चलाते हुए अपना एक वीडियो भी साझा किया।
अमृता फडणवीस ने कहा, ‘ईंधन संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान से प्रेरित होकर मैंने अपने घर से 5-7 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी कामों के लिए साइकिल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। पेट्रोल और डीजल बचाने की दिशा में यह मेरा एक छोटा सा व्यक्तिगत कदम है, जिससे एक स्वस्थ जीवन शैली को भी बढ़ावा मिलेगा।’
इससे पहले इसी महीने, अमृता फडणवीस ने कहा था कि प्रधानमंत्री की मितव्ययिता की अपील के मद्देनजर वह ‘कान्स फिल्म महोत्सव’ में भाग नहीं लेंगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया था कि उन्हें फ्रांस में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव में महाराष्ट्र, वहां की संस्कृति और राज्य के हथकरघा विरासत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया था।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


