मुझे राकांपा का अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया गया है, इस संबंध में खबरें निराधार : प्रफुल्ल पटेल

मुझे राकांपा का अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया गया है, इस संबंध में खबरें निराधार : प्रफुल्ल पटेल

मुझे राकांपा का अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया गया है, इस संबंध में खबरें निराधार : प्रफुल्ल पटेल
Modified Date: February 1, 2026 / 04:00 pm IST
Published Date: February 1, 2026 4:00 pm IST

मुंबई, एक फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने रविवार को उन खबरों को निराधार बताया, जिनमें उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किये जाने की बात कही गई थी।

पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने राकांपा अध्यक्ष के रूप में मेरी नियुक्ति के संबंध में मीडिया में प्रसारित हो रही कुछ खबरों पर गौर किया है। मैं पूरी स्पष्टता के साथ कहना चाहता हूं कि ये खबरें पूरी तरह निराधार हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।’’

पटेल का यह बयान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए गए एक साक्षात्कार में की गई टिप्पणियों के बाद आया है।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एक लोकतांत्रिक संस्था है। इतना बड़ा फैसला हमारे वरिष्ठ नेतृत्व और विधायकों से परामर्श करने, हमारे समर्पित पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत करने और हमारे सभी पार्टी सदस्यों की भावनाओं और सामूहिक इच्छा का सम्मान करने के बाद ही लिया जाएगा। एक राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते, हम इन मामलों में स्थापित प्रक्रिया का पालन करते हैं।’’

गोयल ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने ये टिप्पणियां गलत जानकारी के आधार पर की थीं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘एक वरिष्ठ पत्रकार ने मुझे गलत सूचना दी थी कि प्रफुल्ल पटेल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष चुने गए हैं। मैंने बिना पुष्टि किए मीडिया में कुछ बयान दिए थे, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि उक्त सूचना गलत थी और राकांपा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित दादा पवार के नेतृत्व में काम कर रही है। मैं इस भ्रामक सूचना के लिए खेद व्यक्त करता हूं।’’

राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पार्टी इस संबंध में कोई भी निर्णय लेते समय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नेताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित प्रक्रिया का पालन करेगी।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने शनिवार को पटेल के अध्यक्ष नामित होने की खबर पर नाम लिए बिना कटाक्ष किया था कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) जैसी सच्ची मराठी पार्टी का अध्यक्ष ‘पटेल नहीं, बल्कि पाटिल’ होना चाहिए।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में