मुंबई, छह जून (भाषा) अभिनेत्री करिश्मा कपूर का कहना है कि वह अपने करियर के उस मुकाम पर पहुंच चुकी हैं जहां वह तभी किसी फिल्म या सीरीज का हिस्सा बनती हैं, जब कोई विषय या किरदार उन्हें सचमुच प्रभावित करता है।
करिश्मा ने कहा कि इसी सोच के कारण उन्होंने ‘ब्राउन’ का प्रस्ताव लगभग ठुकरा दिया था।
‘ब्राउन’ सीरीज में करिश्मा ने अपने करियर की सबसे प्रभावशाली भूमिकाओं में से एक निभाई है।
यह सीरीज शुक्रवार को जी5 पर रिलीज हुई और इसमें करिश्मा पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो नशे की लत और अपनी अंदरूनी समस्याओं से जूझती हैं।
करिश्मा (51) ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मैं दिल से काम करती हूं, दिमाग से नहीं। मैं जैसी हूं उसी में संतुष्ट हूं। जब काम करने का मन होता है, तब काम करती हूं। जब मन नहीं होता, तब नहीं करती। मुझे काम की इतनी चाहत या कमी महसूस नहीं होती।”
वर्ष 2020 में आई सीरीज ‘मेंटलहुड’ के बाद ‘ब्राउन’ करिश्मा की दूसरी वेब सीरीज है।
‘मेंटलहुड’ भी जी5 पर ही रिलीज हुई थी।
करिश्मा ने बताया कि जब उन्हें इस सीरीज का प्रस्ताव मिला तो वह थोड़ा झिझक रही थीं क्योंकि वह लंबे समय के लिए किसी विषय से जुड़ना नहीं चाहती थीं।
उन्होंने कहा, “मुझे लगा, ‘शायद मैं किसी दूसरे शहर में 50-60 दिन बिताना नहीं चाहती।’ यह एक लंबी सीरीज है, जिसमें छह, सात या आठ एपिसोड हैं। लेकिन जब मैं अभिनय से मिली, फिल्म की कहानी पढ़ी और रीता ब्राउन का किरदार सुना, तो मैं मना नहीं कर सकी।”
कोलकाता में फिल्माई गई ‘ब्राउन’ का निर्देशन ‘डेल्ही बेली’ के निर्देशक अभिनय देव ने किया है और इसका निर्माण जी स्टूडियो ने किया है।
इस सीरीज में करिश्मा, रीता ब्राउन का किरदार निभा रही हैं, जो कभी शहर की सबसे बेहतरीन पुलिस अधिकारी थीं लेकिन अब बदनामी झेल रही हैं और शराब की आदी हैं तथा अपने अतीत से परेशान हैं।
उन्हें सिलसिलेवार क्रूर हत्याओं से जुड़े मामले की जांच के लिए वापस बुलाया जाता है।
अभिनेत्री ने कहा कि यह किरदार उनके तीन दशक लंबे करियर में निभाए गए किसी भी किरदार से बिल्कुल अलग है।
करिश्मा ने ‘अंदाज अपना अपना’, ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘दिल तो पागल है’, ‘बीवी नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘फिजा’ और ‘जुबैदा’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया है।
उन्होंने कहा, “रीता ब्राउन जो कुछ भी करती है, वह करिश्मा कपूर के स्वभाव से बिल्कुल अलग है। वह शराबी है, मादक पदार्थ का सेवन करती है, कई तरह की भावनाओं से गुजर रही है, वह खाना नहीं खाती, जबकि मैं खाने की शौकीन हूं। मैं इस चुनौती को स्वीकार करना चाहती थी और इस किरदार को निभाना चाहती थी, जिसका मैंने भरपूर आनंद लिया।”
‘ब्राउन’ में जीशु सेनगुप्ता, सूर्या शर्मा और सोनी राजदान भी अहम भूमिकाओं में हैं।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल