फडणवीस ने चुनाव प्रक्रिया में सुधारों की वकालत की

Ads

फडणवीस ने चुनाव प्रक्रिया में सुधारों की वकालत की

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 04:52 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 04:52 PM IST

मुंबई, छह जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को चुनाव प्रक्रिया में सुधार की वकालत की।

इससे पहले, राकांपा (शप) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा था कि वह विधान परिषद चुनावों से पहले कई सीट पर विपक्षी उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के मद्देनजर प्रत्याशियों की ‘खरीद-फरोख्त’ को रोकने के लिए संसद में एक निजी विधेयक पेश करेंगी।

विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) ने सत्तारूढ़ दलों पर आगामी महाराष्ट्र विधानपरिषद चुनाव में प्रलोभन और दबाव की रणनीति बनाने का आरोप लगाया है, जिसे सत्तारूढ़ महायुति के नेताओं ने खारिज कर दिया।

सुले ने यहां एक कार्यक्रम के बाद कहा, ‘‘मैं संसद में चुनावी प्रक्रिया में संरचनात्मक बदलाव लाने वाला (निजी) विधेयक पेश करूंगी। चुनावों के दौरान खरीद-फरोख्त के आरोप बंद होने चाहिए। सरपंच से लेकर लोकसभा तक के चुनाव पारदर्शी होने चाहिए।’’

इसके बाद फडणवीस ने संवाददाताओं से बातचीत में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘अगर आपको लगता है कि लोगों को धन के बजाय प्रेम से जीता जा सकता है, तो इस तरह के विधेयक लाने की कोई जरूरत नहीं होगी।’’

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय है कि चुनाव प्रक्रिया में सुधार होने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के सुधारों के लिए किसी के द्वारा भी ऐसे विधेयक पेश किये जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

पूर्व विधायक बाल माने की भाजपा में संभावित वापसी की अटकलों पर फडणवीस ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण इस पर फैसला करेंगे।

शिवसेना (उबाठा) के उम्मीदवार बाल माने और देववाणी पाटिल-डोंगनकर ने रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग और औरंगाबाद-जालना सीटों से अपने नामांकन वापस ले लिए हैं, जिससे उद्धव ठाकरे की पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है।

माने और डोंगनकर दोनों को बृहस्पतिवार को शिवसेना (उबाठा) से निकाल दिया गया था। इसी तरह, कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने शुक्रवार को वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली से पार्टी उम्मीदवार शैलेश अग्रवाल और यवतमाल स्थानीय निकाय सीट से उम्मीदवार साहेबराव कांबले को निलंबित कर दिया।

उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफे से खाली हुई सीट के बारे में पूछे जाने पर, मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कोई बातचीत नहीं हुई है, और फैसले का इंतजार है।

भाषा वैभव दिलीप

दिलीप