ठाणे, 29 जून (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मियाद पूरी कर चुके और खराब हो चुके खाद्य पदार्थों को फिर से बाजार में पहुंचाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एफडीए के अधिकारियों ने ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 52 लाख रुपये से अधिक मूल्य का अवैध खाद्य भंडार जब्त किया।
उन्होंने बताया कि सरावली स्थित एक गोदाम में 1.67 लाख रुपये मूल्य के 1.5 टन बिना बिल वाले, मियाद पूरी कर चुके खाद्य पदार्थ मिलने के बाद उसका खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि एक अन्य अभियान में निजामपुरा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ट्रक को रोका, जिसमें 5.18 लाख रुपये मूल्य का 1,200 किलोग्राम आटा और ब्रांडेड खाद्य उत्पाद बिना किसी वैध बिल के ले जाए जा रहे थे। आटे की मियाद भी पूरी हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भिवंडी में आठ प्रतिष्ठानों पर की गई छापेमारी में 45.74 लाख रुपये मूल्य का बिना दस्तावेज वाला, मियाद पूरी कर चुका खाद्य भंडार बरामद किया गया।
एफडीए के अनुसार, इस गिरोह के काम करने का तरीका यह था कि बड़ी ई-कॉमर्स और रसद कंपनियां अनधिकृत स्क्रैप एजेंसियों को काम पर रखती थीं और ये एजेंसियां निपटान के फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कर मियाद पूरी कर चुके खाद्य उत्पादों को गुपचुप तरीके से गैर-पंजीकृत गोदामों में पहुंचा देती थीं।
उन्होंने बताया कि इसके बाद गिरोह के सदस्य रसायनों का इस्तेमाल कर उत्पादों पर अंकित मियाद की मूल तारीख मिटा देते थे, उन पर नकली स्टीकर चिपका देते थे और फिर उन्हें कम कीमत पर दोबारा बाजार में बेच देते थे।
भाषा
खारी वैभव
वैभव