संदिग्ध गोमांस ले जाते समय पुलिसकर्मी की हत्या की कोशिश के आरोप में तीन गिरफ्तार

Ads

संदिग्ध गोमांस ले जाते समय पुलिसकर्मी की हत्या की कोशिश के आरोप में तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 09:10 PM IST

ठाणे, पांच सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में करीब 500 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस को अवैध रूप से ले जाते समय ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को वाहन से कुचलने की कथित कोशिश के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार तड़के करिवली रोड स्थित गणपति मंदिर के पास हुई, जब पुलिस नायक अमोल विजय सालुंखे ने एक कार को रुकने का इशारा किया।

अधिकारियों ने बताया कि रुकने के बजाय चालक ने पुलिसकर्मी को जान से मारने की कोशिश में वाहन सीधे उसकी ओर तेज गति से बढ़ा दिया। हालांकि, सालुंखे ने समय रहते रास्ते से हटकर खुद को बचा लिया।

कुछ दूर तक पीछा करने के बाद सहायता के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान मुंबई के कुर्ला निवासी 22 वर्षीय शाहिद नियाज अहमद खान के रूप में हुई है।

वाहन की तलाशी के दौरान 500 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि खान अपने सह-आरोपियों मस्तान शेख, सद्दाम शेख, दावल शेख, फहीम बाबा और तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर अवैध रूप से किए गए पशु वध से मांस को मुंबई के गोवंडी ले जा रहा था, जहां इसे गैरकानूनी तरीके से बेचने की योजना थी।

भोईवाड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1976 और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।

पुलिस ने कहा कि बाकी पांच आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

भाषा तान्या रंजन

रंजन