नवी मुंबई में वायरल वीडियो की जांच में खुलासा, बच्ची को उसकी मां ने ही पीटा
नवी मुंबई में वायरल वीडियो की जांच में खुलासा, बच्ची को उसकी मां ने ही पीटा
ठाणे (महाराष्ट्र), 26 जून (भाषा) नवी मुंबई के एक सरकारी आंगनवाड़ी केंद्र में एक बच्ची की कथित तौर पर पिटाई करने का चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि वीडियो में बच्ची की पिटाई करने वाली महिला आंगनवाड़ी की कर्मचारी नहीं, बल्कि उसकी मां थी जबकि सोशल मीडिया पर इसके विपरीत दावा किया जा रहा था।
पुलिस ने नंदगांव गांव में परिवार का पता लगाया और जांच में पाया कि दो वर्षीय बच्ची के शांत होकर नहीं बैठने पर उसकी मां अपना आपा खो बैठी और उसकी पिटाई कर दी।
यह घटना इसी सप्ताह पनवेल सिटी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नंदगांव स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र में हुई थी।
सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में एक महिला बच्ची को लात मारते और पीटते हुए दिखाई दे रही है। पिटाई के दौरान बच्ची आंगनवाड़ी की सीढ़ी से नीचे गिर जाती है।
वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने उसकी सत्यता की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, बच्ची आंगनवाड़ी के भीतर शांत होकर नहीं बैठ रही थी। उसकी लगातार चंचलता से परेशान होकर मां ने अपना आपा खो दिया और उसकी पिटाई कर दी। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस ने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि बच्ची को कोई गंभीर या आंतरिक चोट न लगी हो, उसे तुरंत चिकित्सीय जांच के लिए ले जाया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची के माता-पिता को पुलिस थाने बुलाकर उनकी काउंसलिंग की गई और भविष्य में इस तरह का दुर्व्यवहार दोबारा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
भाषा गोला अविनाश
अविनाश

Facebook


