ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर

ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर

ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर
Modified Date: June 3, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: June 3, 2026 10:34 pm IST

मुंबई, तीन जून (भाषा) भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा कहा कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता तथा पश्चिम एशिया में संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच राजनयिक और सैन्य गतिरोध बना हुआ है।

महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने के लिए ईरान पर प्रहार करते हुए, गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप किसी भी व्यक्ति को दुनिया को बंधक बनाने की अनुमति नहीं देंगे।

मुंबई में ‘सिटीज 2026 इंडिया कॉन्फ्रेंस’ के एक कार्यक्रम में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए राजदूत ने कहा कि तीन महीने से अधिक समय पहले अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू करने के बाद, इस्लामी गणराज्य ने अपने पड़ोसियों और कतर, सऊदी अरब और ओमान जैसे खाड़ी देशों पर हमले किये।

ईरान ने अजरबैजान और तुर्की पर भी हमला किया और उन्होंने कहा कि यह सब ‘‘बेहद गैरजिम्मेदाराना कदम’’ था।

गोर ने कहा कि ईरान ने रॉकेट दागे हैं और सोचिए अगर वे परमाणु हथियार होते तो क्या परिणाम होता।

उन्होंने कहा कि ईरान के पास कोई परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए।

ईरान का परमाणु कार्यक्रम मौजूदा संघर्ष को समाप्त करने के लिए जारी बातचीत में एक महत्वपूर्ण बाधा बना हुआ है।

गोर ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति (ट्रंप) किसी को भी दुनिया को बंधक बनाने नहीं देंगे। देर-सवेर, वहां कुछ न कुछ होगा, लेकिन यह ईरानी शासन की गैरजिम्मेदारी है, यह ऐसी चीज नहीं है जिसे यह राष्ट्रपति जारी रहने देंगे।’’

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में