होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने वाले रणनीतिक लाभ का इस्तेमाल किया जाना चाहिए : ईरान के सर्वोच्च नेता
होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने वाले रणनीतिक लाभ का इस्तेमाल किया जाना चाहिए : ईरान के सर्वोच्च नेता
दुबई, 12 मार्च (एपी) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के रणनीतिक लाभ का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और खाड़ी अरब के पड़ोसियों पर ईरान के हमले जारी रहेंगे।
उनके शीर्ष पद संभालने के बाद उनका पहला बयान बृहस्पतिवार को सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार प्रस्तोता द्वारा पढ़ा गया। खामेनेई कैमरे के सामने नहीं आए और इजराइली आकलन से पता चलता है कि युद्ध की शुरुआती गोलीबारी में वह घायल हो गए थे।
उन्होंने एक स्कूल पर हुए हमले में मारे गए लोगों समेत युद्ध में मारे गए लोगों का बदला लेने का संकल्प जताया। उन्होंने अमेरिका का संदर्भ देते हुए कहा कि ईरान अपने दुश्मन से “मुआवजा वसूलेगा”। उन्होंने कहा कि अगर वह इनकार करता है, तो ईरान उसकी संपत्तियों से वसूली करेगा या उन्हें उसी हद तक नष्ट कर देगा।
फारस की खाड़ी में पोत परिवहन और ऊर्जा अवसंरचना पर ईरान के लगातार हमलों के कारण बृहस्पतिवार को तेल की कीमतें फिर से 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं। अमेरिकी और इजराइली हमलों ने इस्लामिक गणराज्य पर कहर बरपाया और युद्ध के अंत के कोई स्पष्ट संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।
ईरान वैश्विक स्तर पर इतना आर्थिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है जिससे अमेरिका और इजराइल पर बमबारी रोकने का दबाव पड़े। अमेरिका व इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले के साथ युद्ध की शुरुआत की थी।
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि जब तक ईरान को किसी अन्य हमले के खिलाफ सुरक्षा गारंटी नहीं मिल जाती, तब तक उसके हमले जारी रहेंगे, जिससे यह संकेत मिलता है कि युद्धविराम या अमेरिका द्वारा जीत की घोषणा के बावजूद संघर्ष रुकेगा नहीं।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने “काम पूरा करने” का वादा किया है, हालांकि उन्होंने दावा किया है कि ईरान “लगभग पूरी तरह से नष्ट हो चुका है”।
एपी
प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


