पुणे, तीन जून (भाषा) पुणे की पिंपरी चिंचवड पुलिस ने एक आईटी फर्म के के क्षेत्रीय शाखा कार्यालय को अचानक बंद किए जाने और इससे 500 कर्मियों के बेरोजगार होने के एक महीने से अधिक समय बाद नोएडा आधारित संबंधित कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कंपनी ‘थिंकटेक इंडिया ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड’ का शाखा कार्यालय हिंजवडी इलाके में स्थित है, जिसे कथित तौर पर कर्मचारियों को बिना सूचना दिए 22 अप्रैल को बंद कर दिया गया था।
अधिकारियों ने कहा कि एक शिकायत के आधार पर, हिंजवडी पुलिस ने मंगलवार रात नासिक से आईटी फर्म के सीईओ हर्षल ठाकरे को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316 (2) (आपराधिक विश्वासघात), 318 (4) (धोखाधड़ी) और 3 (5) (समान इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आईटी कंपनी के प्रबंधन पर कर्मचारियों का वेतन रोकने, अमान्य चेक जारी करने और भर्ती किए गए लोगों से लैपटॉप सिक्योरिटी के नाम पर धन इकट्ठा करने का आरोप है।
हिंजवडी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक बालाजी पंढरे ने कहा, ‘‘हमने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों में मामला दर्ज किया है। आरोपी (ठाकरे) को नासिक से हिरासत में लिया गया है। हम उन कारणों का पता लगा रहे हैं जिनकी वजह से कंपनी बंद हुई। मामले में जांच जारी है।’’
उन्होंने कहा कि प्रभावित कर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और कथित वित्तीय धोखाधड़ी की भी जांच की जा रही है।
कंपनी के कर्मचारियों ने पुलिस और महाराष्ट्र श्रम आयुक्त कार्यालय को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने एवं लंबित बकाया दिलाने की मांग की है।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव