जयंत पाटिल ने उच्च न्यायालय के लिए लिपिक, आशुलिपिक भर्ती परीक्षा फिर से कराने की मांग की
जयंत पाटिल ने उच्च न्यायालय के लिए लिपिक, आशुलिपिक भर्ती परीक्षा फिर से कराने की मांग की
मुंबई, 21 अगस्त (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने बंबई उच्च न्यायालय में लिपिक और आशुलिपिक की भर्ती के लिए नये सिरे से परीक्षा आयोजित करने की शुक्रवार को मांग की।
पाटिल ने आरोप लगाया कि कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर असर पड़ा।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 16 अगस्त को हुई टाइपिंग परीक्षा के दौरान कंप्यूटर इंटरफेस के ठीक से काम न करने और कीबोर्ड में खराबी के कारण अभ्यर्थियों का प्रदर्शन प्रभावित हुआ और कम अंकों के लिए उन्हें अयोग्य करार दिया गया।
पाटिल ने दावा किया कि कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि तकनीकी समस्याओं की जानकारी देने के बाद भी उनका कंप्यूटर तुरंत बदला नहीं गया।
उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में अभ्यर्थियों को तकनीकी खराबी के कारण बर्बाद हुए समय की भरपाई के लिए अतिरिक्त वक्त भी नहीं दिया गया।
पाटिल ने कहा कि ऐसी शिकायतें सिर्फ सांगली और कोल्हापुर के परीक्षा केंद्रों तक सीमित नहीं थीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के विभिन्न केंद्रों पर दर्ज की गईं।
राकांपा (शप) नेता ने कहा कि उन्होंने उच्च न्यायालय को पत्र लिखकर उचित सुविधाओं और तकनीकी रूप से भरोसेमंद केंद्रों पर फिर से टाइपिंग परीक्षा आयोजित करने का अनुरोध किया है।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


