नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक को लेकर तनाव के कारण बेटी ने आत्महत्या की: लातूर के किसान का दावा
नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक को लेकर तनाव के कारण बेटी ने आत्महत्या की: लातूर के किसान का दावा
लातूर, 25 मई (भाषा) महाराष्ट्र में लातूर जिले के एक किसान ने दावा किया है कि चिकित्सक बनने की इच्छुक उसकी 18 वर्षीय बेटी ने कथित रूप से प्रश्नपत्र लीक होने के कारण राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी)-2026 को रद्द किए जाने के बाद मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि उसने मामला दर्ज कर किसान के दावे की जांच शुरू कर दी है।
उसने बताया कि गोंडेगांव गांव की रहने वाली मैथिली अशोक सोनवणे ने 16 मई की सुबह अपने खेत में एक पेड़ से कथित तौर पर फांसी लगा ली।
अधिकारियों ने बताया कि उसके शव का पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
मैथिली के पिता अशोक विट्ठल सोनवणे (50) ने रविवार को पुलिस को दिए बयान में दावा किया कि उनकी बेटी ने तीन मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में थी।
अशोक ने कहा कि चिकित्सक बनना उनकी बेटी का सपना था।
उन्होंने दावा किया कि मैथिली ने अपने परिवार वालों को बताया था कि उसने परीक्षा की अच्छी तैयारी की थी और संतोषजनक प्रदर्शन किया था लेकिन परीक्षा रद्द होने से वह परेशान थी और अपने भविष्य को लेकर चिंतित थी।
उन्होंने बयान में कहा कि वह तनाव सहन नहीं कर पाई और उसने आत्महत्या कर ली।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 को 12 मई को रद्द कर दिया था। दोबारा परीक्षा 21 जून को निर्धारित की गई है।
भाषा सिम्मी रंजन
रंजन

Facebook


