टीईटी प्रश्न पत्र लीक मामले में संदिग्ध ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, गिरफ्तार लोगों की संख्या 15 हुई
टीईटी प्रश्न पत्र लीक मामले में संदिग्ध ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, गिरफ्तार लोगों की संख्या 15 हुई
ठाणे, 27 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रश्न पत्र लीक मामले में एक आरोपी ने सोमवार को भिवंडी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।
बचाव पक्ष के वकील शैलेश गायकवाड़ ने बताया कि मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद सोनू कुमार दिवाकर ने आत्मसमर्पण किया।
गायकवाड़ ने बताया कि आत्मसमर्पण के बाद अदालत ने पुलिस को हिरासत का अनुरोध करने से संबंधित अर्जी दाखिल करने का निर्देश दिया।
इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए दिवाकर को औपचारिक रूप से अपनी हिरासत में ले लिया।
इससे पहले गिरफ्तार किए गए 14 लोगों में से 12 न्यायिक हिरासत में हैं जबकि कथित मुख्य साजिशकर्ता गुप्ता और उसका सहयोगी इंद्रजीत सिंह पुलिस हिरासत में हैं।
अधिवक्ता गायकवाड़ ने बताया कि गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी और सह-आरोपियों नरेश कुमार महौर, संजय कुमार शर्मा तथा मिथुन कुमार की ओर से दायर जमानत अर्जियों पर भिवंडी अदालत में 29 जुलाई को सुनवाई होगी।
प्रश्न पत्र लीक मामले में पहली प्राथमिकी भिवंडी पुलिस ने 26 जून को दर्ज की थी।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत

Facebook


