महाराष्ट्र: 95.7 प्रतिशत अंक पाने वाले 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की
महाराष्ट्र: 95.7 प्रतिशत अंक पाने वाले 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की
ठाणे, सात सितंबर (भाषा) अपनी पसंद के उच्च शिक्षण संस्थान में दाखिला नहीं मिलने से कथित तौर पर परेशान 17 वर्षीय छात्र ने यहां आत्महत्या कर ली। छात्र ने 12वीं की विज्ञान वर्ग की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट में रहने वाले छात्र ने शुक्रवार शाम अपने परिवार के व्हाट्सऐप ग्रुप में जान देने का संदेश भेजा। इससे पहले कि परिवार कुछ कर पाता, उसने एक आवासीय इमारत की 22वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
छात्र इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईआईईएसटी), शिबपुर से बीएस-एमएस दोहरी डिग्री की पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन प्रवेश परीक्षा में 10,474वीं रैंक आने के कारण उसे सीट नहीं मिल सकी। इससे वह कथित तौर पर काफी निराश था।
पुलिस ने बताया कि छात्र शाम करीब 7.30 बजे साइकिल चलाने की बात कहकर घर से निकला था। करीब 8.15 बजे उसने व्हाट्सऐप समूह में संदेश भेजा। फोन बंद मिलने पर परिजनों ने कसारवडावली पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता के बयान के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि परिवार को किसी साजिश का संदेह नहीं है और उन्होंने घटना के लिए पढ़ाई से जुड़ी परेशानी को जिम्मेदार बताया है।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


