मुंबई, 15 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों के बारे में मिली खुफिया सूचना के आधार पर रविवार को यवतमाल और अहिल्यानगर जिलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया तथा कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, आधी रात को शुरू किए गए इस अभियान के दौरान एटीएस ने दोनों जिलों में 20 से अधिक जगहों पर तलाशी ली और दर्जन भर से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एटीएस ने स्थानीय पुलिस टीम के साथ मिलकर यवतमाल जिले के पुसद और उमरखेड में छापेमारी की।
अधिकारी के अनुसार, संदिग्धों के आवास और कार्यालयों सहित कुल 14 ठिकानों पर तलाशी जारी है। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान टीम ने कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सीसीटीवी फुटेज और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि इसी तरह अहिल्यानगर जिले में सात जगहों पर छापेमारी की गई, जहां पुलिस ने संदिग्धों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। उन्होंने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और एटीएस का तलाशी अभियान अब भी जारी है।
भाषा प्रचेता पारुल
पारुल