महाराष्ट्र उपचुनाव: बारामती से सुनेत्रा पवार आगे, राहुरी से भाजपा के अक्षय कार्डिले आगे
महाराष्ट्र उपचुनाव: बारामती से सुनेत्रा पवार आगे, राहुरी से भाजपा के अक्षय कार्डिले आगे
मुंबई, चार मई (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा उपचुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे हैं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अब तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार, राहुरी विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा के अक्षय कार्डिले अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं।
इन दोनों सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल को हुआ था।
सोमवार को मतगणना के छठे दौर के अंत तक पवार को 53,478 वोट मिले, जबकि अन्य 22 उम्मीदवारों में से 21 अभी तक 200 वोटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं।
पुणे जिले में स्थित बारामती विधानसभा क्षेत्र में 58.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी, जिसके कारण उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं, सहानुभूति की लहर और अपने परिवार की इस सीट पर मजबूत पकड़ के चलते अपने प्रतिद्वंद्वियों पर भारी अंतर से जीत हासिल करती दिख रही हैं। किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान, उन्होंने मतदाताओं से अपने दिवंगत पति को श्रद्धांजलि के रूप में उनका समर्थन करने का आग्रह किया।
विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) ने सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया, जिससे उन्हें लगभग एकतरफा जीत मिल गई। कांग्रेस ने पहले आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन पार्टी ने बाद में उनकी उम्मीदवारी वापस लेने का फैसला किया।
अपने पति की मृत्यु के बाद, 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार ने महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका स्थान लिया।
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, शपथ ग्रहण करने के छह महीने के भीतर उन्हें राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों विधानसभा या विधान परिषद में से किसी एक की सदस्य बनना होगा।
अजित पवार पिछले कई दशकों से पवार परिवार के गढ़ माने जाने वाली बारामती विधानसभा सीट से जीतते आ रहे थे। 2024 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने अपने भतीजे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) उम्मीदवार युगेंद्र पवार को हराया।
अहिल्यानगर जिले की राहुरी सीट पिछले साल अक्टूबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शिवाजी कार्डिले के निधन के बाद खाली हुई थी।
नवीनतम रुझानों के अनुसार, उनके बेटे और भाजपा उम्मीदवार अक्षय कार्डिले अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे से 41,000 से अधिक वोटों से आगे हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटें हैं। सत्ताधारी महायुति गठबंधन के पास 235 सीट (भाजपा-132, शिवसेना-57, राकांपा-41, सहयोगी-5) हैं जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी गठबंधन के पास 50 सीटें (शिवसेना उबाठा-20, कांग्रेस-16, राकांपा (शपा) -10, अन्य-4) हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


