महाराष्ट्र परिषद चुनाव: महायुति उम्मीदवार के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी ने नासिक में चुनाव प्रचार रोक दिया
महाराष्ट्र परिषद चुनाव: महायुति उम्मीदवार के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी ने नासिक में चुनाव प्रचार रोक दिया
नासिक, 11 जून (भाषा) महाराष्ट्र में आगामी विधान परिषद चुनाव में नासिक स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से महायुति पार्टी के उम्मीदवार के प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार ने बृहस्पतिवार को अपना चुनाव प्रचार रोकने की घोषणा की।
निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते, जिनके भाई गणेश गीते भाजपा नेता हैं, ने गिरीश महाजन, उदय सामंत और दादा भूसे सहित महायुति में शामिल पार्टी के मंत्रियों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की।
इस कदम से इस सीट से महायुति पार्टी के उम्मीदवार और शिवसेना नेता नरेंद्र दराडे की आसान जीत सुनिश्चित होने की संभावना है। महायुति में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं।
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि चार जून को नासिक में नौ उम्मीदवारों में से छह ने चुनाव से नाम वापस ले लिया था, जिससे दराडे, गीते और निर्दलीय प्रसाद हीरे मैदान में रह गए थे। हीरे ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह दराडे का समर्थन करेंगे। हालांकि, सत्ताधारी गठबंधन के अनुरोधों के बावजूद गीते अपने रुख पर अडिग रहे।
महायुति पार्टी के मंत्रियों ने बुधवार को मुंबई में गीते बंधुओं से भी मुलाकात की थी
गीते ने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते समय कहा कि वह 18 जून को होने वाले विधान परिषद चुनावों के लिए प्रचार बंद कर देंगे। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह दराडे का समर्थन करेंगे या उनके लिए प्रचार करेंगे, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन पर चुनाव प्रचार बंद करने का दबाव डाला गया था या उन्हें किसी जांच का डर था, तो गीते ने नकारात्मक जवाब दिया।
गोकुल गीते ने कहा, ‘‘मैंने कार्यकर्ताओं के दबाव के कारण चुनाव लड़ने का फैसला किया था। मतदाता महायुति उम्मीदवार से नाखुश थे। हालांकि, पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखना पड़ता है। मैं एमएलसी पद से ज्यादा परिवार में शांति को प्राथमिकता देता हूं। इसलिए, मैं अपना चुनाव प्रचार रोक रहा हूं।’’
भाजपा मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि गीते चुनाव से ‘हट’ गए हैं।
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


