मुंबई में भाजपा के मार्च से यातायात प्रभावित, महिला से विवाद पर मंत्री गिरीश महाजन ने मांगी माफी
मुंबई में भाजपा के मार्च से यातायात प्रभावित, महिला से विवाद पर मंत्री गिरीश महाजन ने मांगी माफी
मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने बुधवार को कहा कि मुंबई के वर्ली इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित एक रैली के दौरान कुछ यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यातायात जाम को लेकर उनसे बहस करने वाली एक महिला ने अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया।
मंत्री ने बताया कि उन्होंने मौके पर ही महिला से माफी मांगी और पुलिस से भी उसके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं करने को कहा।
महाजन को मंगलवार को उस समय एक महिला के गुस्से का सामना करना पड़ा, जब वह एक रैली के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। यह रैली लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने को लेकर विपक्ष को घेरने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
महाजन ने कहा, “यह सही है कि हजारों महिलाओं के रैली में शामिल होने से यातायात प्रभावित हुआ। लेकिन वहां आई एक महिला काफी गुस्से में थी और उसने अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया। हमने उसे बताया कि 10-15 मिनट में रास्ता खाली हो जाएगा, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं थी और उसने गुस्से में बोतल भी फेंक दी।”
यह घटना उस समय हुई जब मंत्री रैली स्थल पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान एक महिला, जो काफी नाराज दिख रही थी, उनसे भिड़ गई और सड़क जाम को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्रदर्शन पास के किसी मैदान में क्यों नहीं किया गया।
महिला ने कहा, “यहां से निकल जाइए, आप यातायात जाम कर रहे हैं।” महिला ने यात्रियों को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताई।
महाजन ने बताया कि इस रैली में करीब 15,000 से 20,000 महिलाओं ने भाग लिया था और इसे आवश्यक अनुमति तथा तय मार्ग के अनुसार आयोजित किया गया था, जिससे कुछ हद तक यातायात प्रभावित होना स्वाभाविक था।
उन्होंने पुलिस की योजना में किसी भी चूक या वीआईपी संस्कृति के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि इतने बड़े जमावड़े से यातायात प्रभावित होना अवश्यंभावी है।
मंत्री ने कहा कि महिला के व्यवहार के बावजूद उन्होंने पुलिस को उसके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई न करने के निर्देश दिए और महिला के बयान से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं को भी शांत कराया।
महाजन ने कहा, “ मैं समझ सकता हूं कि उसे अपने बच्चे को लाने की जल्दी थी और उसका गुस्सा कुछ हद तक जायज था। लेकिन जिस तरह उसने प्रतिक्रिया दी, वह गलत था। फिर भी मुझे नहीं लगता कि उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”
महाजन ने मीडिया को बताया कि उन्होंने मंगलवार को ही महिला से असुविधा के लिए माफी मांगी थी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह व्यवधान करीब एक घंटे तक रहा और यह महिलाओं के अधिकारों से जुड़े “महत्वपूर्ण मुद्दे” के लिए था।
रैली के दौरान टकराव के बाद महाजन ने महिला को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह दोबारा लौटकर नाराजगी जताती रही और कहा, “आपको समझ में नहीं आता क्या? यहां सैकड़ों लोग इंतजार कर रहे हैं।” जब एक पुलिस अधिकारी ने हस्तक्षेप किया तो महिला ने बात करने से इनकार करते हुए किसी से भी संवाद न करने की बात कही।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद कांग्रेस ने भाजपा पर महिलाओं को गुमराह करने और इस मुद्दे का इस्तेमाल “झूठा विमर्श” गढ़ने के लिए करने का आरोप लगाया।
भाषा रवि कांत मनीषा
मनीषा

Facebook


