महाराष्ट्र: एमवीए मिलकर लड़ेगा द्विवार्षिक विधान परिषद चुनाव

महाराष्ट्र: एमवीए मिलकर लड़ेगा द्विवार्षिक विधान परिषद चुनाव

महाराष्ट्र: एमवीए मिलकर लड़ेगा द्विवार्षिक विधान परिषद चुनाव
Modified Date: September 29, 2026 / 06:37 pm IST
Published Date: September 29, 2026 6:37 pm IST

मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन ने अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में कुल पांच शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मिलकर चुनाव लड़ने का मंगलवार को फैसला किया।

राजनीतिक स्थिति की समीक्षा और सहमति बनाने के लिए मुंबई के वाई बी चव्हाण सेंटर में बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीम खान, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता शशिकांत शिंदे व हर्षवर्धन पाटिल और शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत शामिल हुए।

इन पांच सीट के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा।

नसीम खान ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिजीत वंजारी और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयंत असगांवकर हैं।

उन्होंने कहा, “हमने बाकी सीटों को लेकर बातचीत की। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पास रहा छत्रपति संभाजीनगर (पहले औरंगाबाद) स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, राकांपा (शरदचंद्र पवार) के पास रहा पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और एक निर्दलीय के पास रहे अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। फैसला जीत की संभावना के आधार पर लिया जाएगा।”

वंजारी और असगांवकर के अलावा तीन अन्य सदस्यों का कार्यकाल भी छह दिसंबर को समाप्त हो जाएगा, इनमें छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा के सतीश चव्हाण, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अरुण लाड और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना के किरण सरनाइक शामिल हैं।

विधान परिषद चुनाव के लिए अधिसूचना मंगलवार को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह अक्टूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर है।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में