महाराष्ट्र: नासिक में पिता ने बेटी की मौत के लिए टीके को जिम्मेदार ठहराया, जांच के आदेश
महाराष्ट्र: नासिक में पिता ने बेटी की मौत के लिए टीके को जिम्मेदार ठहराया, जांच के आदेश
नासिक, 25 जून (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक में एक व्यक्ति ने दावा किया कि टेटनस-डिप्थीरिया (टीडी) टीका लगाये जाने के बाद उसकी 17 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
शहर निवासी अनिल पाटिल ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी बेटी श्रावणी पाटिल को बुधवार दोपहर शहर के खुटवडनगर इलाके में एक टीकाकरण अभियान के तहत ‘टीडी बूस्टर’ की खुराक दी गई थी।
पिता के अनुसार, इसके कुछ ही देर बाद श्रावणी को चक्कर आने लगे और वह बेहोश होकर गिर पड़ी जिसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्रावणी के पिता और परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी मौत टीका लगाए जाने के कारण हुई।
उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, यह टीकाकरण अभियान नासिक नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी का पोस्टमॉर्टम किया गया और उसके विसरा नमूने सुरक्षित रख लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए इन्हें फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अंतिम रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चलेगा। फिलहाल अंबड थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।’’
नासिक नगर निगम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय देवकर ने बताया कि नगर निगम के अलावा राज्य और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य टीमें भी नाबालिग की मौत के मामले की जांच करेंगी।
उन्होंने बताया कि संबंधित टीके के इस्तेमाल पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


