महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत

महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत

महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत
Modified Date: July 9, 2026 / 05:11 pm IST
Published Date: July 9, 2026 5:11 pm IST

गढ़चिरौली, नौ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक जंगली हाथी के हमले में 38-वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे उस वक्त हुई, जब मेंढा गांव निवासी धनराज मडावी कुछ अन्य लोगों के साथ साइकिल से चंदाला जाने वाली सड़क से अपने घर लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि हाथी को देखकर अन्य लोग अपनी साइकिल छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने में सफल रहे, लेकिन मडावी ऐसा नहीं कर सके।

अधिकारी के अनुसार, हाथी ने मडावी का पीछा किया, उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद रेंज वन अधिकारी बालाजी भेंडेकर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया।

अधिकारी ने कहा कि वन विभाग ने इससे पहले चंदाला क्षेत्र में हाथियों के एक झुंड की आवाजाही को लेकर परामर्श जारी किया था और लोगों से जंगल से सटी सड़कों पर आवाजाही से बचने की अपील की थी।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में