महाराष्ट्र : नांदेड़ में ट्रक चालक, सहायक से मारपीट के मामले में सात गिरफ्तार

महाराष्ट्र : नांदेड़ में ट्रक चालक, सहायक से मारपीट के मामले में सात गिरफ्तार

महाराष्ट्र : नांदेड़ में ट्रक चालक, सहायक से मारपीट के मामले में सात गिरफ्तार
Modified Date: April 26, 2026 / 08:08 pm IST
Published Date: April 26, 2026 8:08 pm IST

मुंबई, 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक ट्रक चालक और उसके सहायक की पिटाई के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दो वाहनों और एक मोटरसाइकिल पर सवार आरोपियों के समूह ने दावा किया कि शुक्रवार रात हदगांव के पास ट्रक के उनसे सटकर निकलने के कारण वे गुस्से में थे।

आरोपियों ने फलों से लदे ट्रक का करीब 20-30 किलोमीटर तक पीछा किया और पड़ोसी यवतमाल जिले के उमरखेड़ के पास उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने चालक और सहायक पर लाठियों और अन्य वस्तुओं से हमला किया।

पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक एल्विन पाइस को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सफाई सहायक मोहम्मद नदाफ निसार कुरैशी के सिर और नाक पर गंभीर चोटें लगी हैं। कुरैशी को नांदेड़ के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

यह ट्रक केरल के पलक्कड़ जिले के पट्टाम्बी से नागपुर फल ले जा रहा था।

मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से सात को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपी स्थानीय निवासी हैं और किसी भी संगठन से जुड़े नहीं हैं। वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों को अभी जब्त किया जाना बाकी है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने विस्तार से जानकारी दिए बिना कहा, ‘उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और इसे सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा है, जो सच नहीं है। तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’

भाषा सुमित रंजन

रंजन


लेखक के बारे में