महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी
महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी
मुंबई, 29 जून (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्षी दलों ने सोमवार को राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने और शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे की मांग की।
विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 30 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विधान परिषद में भुसे ने कहा कि इस मामले में दिन में बाद में वह सदन में विस्तृत वक्तव्य देंगे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का पहले ही गठन किया जा चुका है तथा चार से अधिक जांच दल भी बनाए गए हैं और जांच जारी है।
भुसे ने कहा कि इस मामले में सरकार का रुख कड़ी कार्रवाई करने का है। उन्होंने कहा कि साथ ही भविष्य में परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ कैसे करानी हैं, इस संबंध में भी निर्णय लिये जाएंगे।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सदस्य अंबादास दानवे ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब सरकार के सामने हाल में नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक का उदाहरण था, तो टीईटी और अन्य परीक्षाओं के लिए एहतियाती कदम क्यों नहीं उठाए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की अनियमितताएं हो रही हैं और प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दानवे ने कहा, ‘‘यदि सरकार परीक्षाएं सही ढंग से नहीं करा सकती, तो शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।’’
कांग्रेस सदस्य सतेज पाटिल ने कहा कि त्रुटिरहित तरीके से परीक्षाएं आयोजित कराना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस के जयंत असगांवकर ने कहा, ‘‘इस मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।’’
उनकी पार्टी के सदस्य धीरज लिंगाडे ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के सदस्य अरुण लाड ने कहा कि राज्य में प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए कानून पर्याप्त रूप से सख्त नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में टीईटी-2026 परीक्षा गत रविवार को आयोजित होनी थी, लेकिन एक दिन पहले शनिवार को ठाणे जिले की पुलिस को प्रश्नपत्र के लीक होने का पता चलने पर तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई और परीक्षा स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के लिए ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का आदेश दिया है।
भाषा अमित संतोष
संतोष

Facebook


