महाराष्ट्र:गढ़चिरौली में ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर ढोया,स्वास्थ्य विभाग का समय पर मदद करने का दावा

महाराष्ट्र:गढ़चिरौली में ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर ढोया,स्वास्थ्य विभाग का समय पर मदद करने का दावा

महाराष्ट्र:गढ़चिरौली में ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर ढोया,स्वास्थ्य विभाग का समय पर मदद करने का दावा
Modified Date: July 14, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: July 14, 2026 3:02 pm IST

गढ़चिरौली, 14 (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों द्वारा उसे खाट पर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मरीज को समय पर एंबुलेंस सुविधा और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई थी।

वीडियो में ग्रामीण रात में एक व्यक्ति को चारपाई पर ले जाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि वे रास्ते पर चलते समय टॉर्च की रोशनी का सहारा ले रहे हैं और बाद में स्थानीय नदी पार करने के लिए मरीज को नाव में बैठाया गया।

कुछ खबरों में दावा किया गया कि भामरागढ़ तालुका के बांगड़ी गांव के संतोष जेती (30) को चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए स्थानीय लोग रविवार रात तीन किलोमीटर पैदल चले और फिर टिन की नाव से उन्होंने नदी पार की।

हालांकि, गढ़चिरौली के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप शिंदे ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य विभाग सूचना मिलते ही तत्काल हरकत में आया और उसने जल्दी से एंबुलेंस उपलब्ध कराई और यह सुनिश्चित किया कि मरीज को समय पर इलाज मिल सके।

उन्होंने कहा कि 11 जुलाई को जेती को अचानक पेशाब संबंधी समस्या हुई और तेज पेट दर्द भी होने लगा।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम आरोग्य सेविका (स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता) को दी, जिन्होंने तुरंत 102 सहायता सेवा से संपर्क किया और मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए बिना देरी किए लाहेरी से एंबुलेंस रवाना कर दी गई।

उन्होंने कहा कि मरीज़ की हालत को देखते हुए, उसके रिश्तेदारों ने उसे स्ट्रेचर पर लिटाया और मुख्य सड़क की ओर ले जाने लगे।

उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस कर्मचारियों ने गुंडेनौर नाला इलाके से मरीज को सुरक्षित एम्बुलेंस में चढ़ाया और तुरंत लाहेरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

शिंदे ने कहा कि मरीज का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया और उसे हेमलकसा के एक अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।

भाषा तान्या राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में