महाराष्ट्र में ठाणे जिले के होटल में देह व्यापार रैकेट चलाने के आरोप में महिला वकील गिरफ्तार

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के होटल में देह व्यापार रैकेट चलाने के आरोप में महिला वकील गिरफ्तार

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के होटल में देह व्यापार रैकेट चलाने के आरोप में महिला वकील गिरफ्तार
Modified Date: June 28, 2026 / 05:41 pm IST
Published Date: June 28, 2026 5:41 pm IST

ठाणे, 28 जून (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कल्याण में देह व्यापार का रैकेट चलाने के आरोप में एक होटल से एक वरिष्ठ महिला वकील को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

इसने बताया कि देह-व्यापार में धकेली गईं दो महिलाओं को बचाया गया।

पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ (एएचटीसी) ने शनिवार को इस रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस देह व्यापार के इस धंधे में होटल मालिक की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि होटल में छापेमारी के बाद पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी महिला वकील को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई वकील कल्याण और पनवेल दोनों अदालतों में वकालत करती है।

पुलिस के अनुसार, एएचटीसी को एक गोपनीय जानकारी मिली थी कि एक महिला कल्याण (पूर्व) के एक होटल में पिछले तीन महीनों से देह व्यापार का रैकेट चला रही है और जरूरतमंद और असहाय महिलाओं का शोषण कर रही है।

पुलिस ने बताया कि इस जानकारी के आधार पर एएचटीसी की एक टीम ने कई दिनों तक होटल पर कड़ी नजर रखी।

पुलिस के अनुसार शनिवार को एएचटीसी की टीम ने उस जगह पर छापा मारने का फैसला किया।

ठाणे के एएचटीसी के एक वरिष्ठ निरीक्षक अपनी टीम के साथ कल्याण पहुंचे और स्थानीय कोलशेवाड़ी पुलिस के साथ मिलकर काम किया।

पुलिस ने बताया कि टीम ने नकली ग्राहक भेजकर जाल बिछाया और रैकेट का भंडाफोड़ किया।

कोलशेवाड़ी पुलिस थाने के निरीक्षक एस. जी. नाइक ने कहा, ‘हम अभी इस बात की जांच कर रहे हैं कि वकील कितने समय से होटल में यह रैकेट चला रही थी, उसने कितनी और महिलाओं को इस धंधे में फंसाया है, उसके साथी कौन-कौन हैं और होटल के मालिक की इसमें क्या भूमिका है।’

उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

शुभम देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में