मुंबई: आरक्षण विधेयक पर भाजपा मंत्री का प्रदर्शन, महिला ने कहा ‘बाहर निकलो, तुम जाम लगा रहे हो’

मुंबई: आरक्षण विधेयक पर भाजपा मंत्री का प्रदर्शन, महिला ने कहा ‘बाहर निकलो, तुम जाम लगा रहे हो’

मुंबई: आरक्षण विधेयक पर भाजपा मंत्री का प्रदर्शन, महिला ने कहा ‘बाहर निकलो, तुम जाम लगा रहे हो’
Modified Date: April 22, 2026 / 01:08 am IST
Published Date: April 22, 2026 1:08 am IST

मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार को महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन के दौरान यातायात जाम से नाराज एक महिला ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन को फटकार लगाई।

यह घटना उस समय हुई, जब महाजन विरोध के दौरान विपक्षी दलों को निशाना बनाते हुए एक रैली में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

इस विधेयक का उद्देश्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करना था।

एक गुस्साई महिला ने सड़कों को अवरुद्ध करने और यात्रियों को असुविधा पहुंचाने के लिए मंत्री पर चिल्लाई।

महिला ने महाजन से कहा, “यहां से चले जाओ। तुम जाम लगा रहे हो।”

महिला ने पूछा कि वाहनों की आवाजाही बाधित करने के बजाय रैली पास के किसी खुले मैदान में क्यों नहीं की जा सकती।

जब महाजन ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया, तब भी महिला ने अपना क्रोध जारी रखते हुए कहा “क्या तुम्हें समझ नहीं आया? तुम्हें क्या हो गया है? सैकड़ों लोग इंतजार कर रहे हैं।”

पुलिस के एक अधिकारी ने जब हस्तक्षेप किया, तो वह भड़क उठी और बात करने से इनकार कर दिया तथा कहा कि कोई उससे बात न करे।

घटना का एक वीडियो ऑनलाइन प्रसारित हो गया, जिससे भाजपा की विरोध प्रदर्शन की रणनीति की आलोचना और बढ़ गई।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी के महिला आरक्षण अभियान ने उसका ‘असली चेहरा’ उजागर कर दिया है।

उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं को गुमराह करने और इस मुद्दे का इस्तेमाल ‘झूठी कहानी’ फैलाने के लिए करने का आरोप लगाया।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में