मुंबई: पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन हैक कर जालसाज ने 12.46 लाख रुपये का ऋण लिया
मुंबई: पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन हैक कर जालसाज ने 12.46 लाख रुपये का ऋण लिया
मुंबई, 20 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुंबई में एक जालसाज ने एक महिला पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन हैक कर उसके नाम से बैंक से 12.46 लाख रुपये का ऋण ले लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वर्तमान में मुंबई के विक्रोली थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात शिकायतकर्ता ने देखा कि उनके वेतन खाते से 27,832 रुपये कट गए हैं और जब उन्होंने स्पष्टीकरण के लिए बैंक से संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि यह राशि उनके नाम पर लिए गए निजी ऋण की किस्त थी।
महिला पुलिसकर्मी ने ऐसा कोई भी ऋण लेने से इनकार किया, जिसके बाद धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, पीड़िता को 18 जनवरी को स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में ‘ट्रैफिक ई-चालान’ से संबंधित एक फाइल का लिंक मिला था, जिसे उसने गलती से खोल दिया।
पुलिस ने बताया, “इसके बाद उसका मोबाइल फोन कथित तौर पर हैक कर लिया गया और साइबर जालसाजने उस पर नियंत्रण कर लिया। इस दौरान उसे कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज नहीं आए और यहां तक कि उसका नये डेबिट कार्ड ने भी काम करना बंद कर दिया।”
आरोपी ने महिला पुलिसकर्मी के नाम पर 12,46,781 रुपये का कथित तौर पर ऋण लिया।
पूरी राशि उसी दिन कई बैंक खातों में अंतरित कर दी गई। फरवरी और अप्रैल के बीच, उसके खाते से 78,590 रुपये की तीन किस्त भी कट गईं।
धोखाधड़ी का पता चलने पर शिकायतकर्ता ने विक्रोली थाने से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


