मुंबई के अस्पताल ने कॉमेडी शो में शव संबंधी टिप्पणी के लिए मेडिकल छात्रा को अनिवार्य छुट्टी पर भेजा

मुंबई के अस्पताल ने कॉमेडी शो में शव संबंधी टिप्पणी के लिए मेडिकल छात्रा को अनिवार्य छुट्टी पर भेजा

मुंबई के अस्पताल ने कॉमेडी शो में शव संबंधी टिप्पणी के लिए मेडिकल छात्रा को अनिवार्य छुट्टी पर भेजा
Modified Date: June 13, 2026 / 08:35 pm IST
Published Date: June 13, 2026 8:35 pm IST

मुंबई, 13 जून (भाषा) मुंबई के केईएम अस्पताल और उससे जुड़े मेडिकल कॉलेज ने एमबीबीएस छात्रा सेजल पवार को एक स्टैंड-अप कॉमेडियन के शो में पुरुष शवों को लेकर की गई उनकी टिप्पणियों से उपजे विवाद के बाद शनिवार को 15 दिन की अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया।

स्थानीय निकाय द्वारा संचालित इस अस्पताल ने एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा पवार द्वारा स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में की गई विवादास्पद टिप्पणियों की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया था।

सेठ जी एस मेडिकल कॉलेज और केईएम अस्पताल के डीन कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘‘पवार को विस्तृत जांच और आगामी आदेशों तक 13 जून से प्रभावी 15 दिन के अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया गया है। उन्हें इस अवधि के दौरान अपने परिवार की निगरानी में रहना होगा।’’

उसे संस्थागत जांच में पूरा सहयोग करने और जांच समिति द्वारा बुलाए जाने पर व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध रहने का भी निर्देश दिया गया है।

बयान में कहा गया कि वरिष्ठ संकाय सदस्यों, एक बाहरी या गैर-संकाय सदस्य और उचित संस्थागत प्रतिनिधित्व वाली पांच सदस्यीय जांच समिति के गठन का प्रस्ताव भेजा गया है।

यह समिति तथ्यों, संदर्भ, प्रभाव और सोशल मीडिया पर प्रसार के पहलू सहित संबंधित रिकॉर्ड की जांच करेगी और कार्रवाई के लिए अपनी सिफारिशें सौंपेगी।

संस्थान ने दोहराया कि इस मामले को गंभीरता, संवेदनशीलता और प्रक्रियागत निष्पक्षता के साथ संभाला जाएगा।

हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान पवार ने कथित तौर पर मेडिकल शिक्षा में इस्तेमाल होने वाले शवों और मृत पुरुषों के अंगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। बाद में पवार ने अपनी भद्दी और असंवेदनशील टिप्पणियों के लिए माफी भी मांगी।

सोशल मीडिया पर पवार की टिप्पणियों से व्यापक आक्रोश फैलने के बाद केईएम अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू की।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मोरे, वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर ‘‘अश्लील और आपत्तिजनक’’ सामग्री फैलाने के लिए मामला दर्ज किया है।

भाषा खारी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में