फलस्तीन समर्थक कार्यक्रम के बाद मुंबई पुलिस ने कार्यकर्ता के घर की तलाशी ली
फलस्तीन समर्थक कार्यक्रम के बाद मुंबई पुलिस ने कार्यकर्ता के घर की तलाशी ली
मुंबई, 21 सितंबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने कथित तौर पर एक स्नातकोत्तर छात्रा और कार्यकर्ता के घर की तलाशी ली जिन्होंने फलस्तीनी बच्चों के समर्थन में आयोजित पतंग उड़ाने के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
कार्यकर्ता हर्षदा बोराडे ने आरोप लगाया कि आतंकवाद रोधी प्रकोष्ठ के कर्मियों ने शुक्रवार शाम से शनिवार तड़के तक बिना वारंट के पश्चिमी उपनगरों में स्थित उनके घर की तलाशी ली।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
बोराडे ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में दावा किया कि पुलिस की तलाशी के बाद उनके मकान मालिक ने उन्हें नया घर तलाशने के लिए कहा और कहा कि वह अब वहां नहीं रह सकतीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में आए अधिकारियों ने पहचान पत्र दिखाने से इनकार कर दिया, उनके निजी स्थान में घुस गए, उनकी नोटबुक की जांच की, किताबों के नाम दर्ज किए और उनके सामान की तस्वीरें खींचीं।
बोराडे ‘इंडियन पीपल इन सॉलिडेरिटी विद फलस्तीन’ (आईपीएसपी) की कार्यकर्ता हैं। उन्होंने गाजा युद्ध के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए फलस्तीनी बच्चों के साथ एकजुटता के समर्थन में आयोजित पतंग उड़ाने के अभियान में हिस्सा लिया था।
संगठन ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना लिखित नोटिस के हिरासत में लिया गया और बाद में उनके घर वापस लाया गया, जिसके बाद बिना वारंट के उनके घर की तलाशी ली गई।
इन दावों को खारिज करते हुए पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने कहा कि कानून के तहत तय प्रक्रियाओं के अनुसार जांच की जा रही है और किसी को भी अवैध रूप से हिरासत में नहीं लिया गया।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


