मुंबई: बीकेसी स्थित मॉल में हथियार लेकर जबरन घुसने वाले तीन लोग गिरफ्तार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से संबंध नहीं : पुलिस

मुंबई: बीकेसी स्थित मॉल में हथियार लेकर जबरन घुसने वाले तीन लोग गिरफ्तार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से संबंध नहीं : पुलिस

मुंबई: बीकेसी स्थित मॉल में हथियार लेकर जबरन घुसने वाले तीन लोग गिरफ्तार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से संबंध नहीं : पुलिस
Modified Date: September 8, 2026 / 06:03 pm IST
Published Date: September 8, 2026 6:03 pm IST

मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) मुंबई में मंगलवार शाम होने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम से पहले बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित एक मॉल में हथियार लेकर जबरन घुसने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हालांकि, पुलिस ने मंगलवार शाम को इलाके में होने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम से इसका संबंध होने से इनकार किया।

इससे पहले, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी थी कि इलाके में होने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले खुद को पीएमओ अधिकारी बताने वाले 24 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके हथियारबंद ‘अंगरक्षक’ को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से हिरासत में लिया गया।

हालांकि, बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह घटना सोमवार को बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा में हुई और इसका प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों संदिग्धों ने व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित एक शॉपिंग मॉल में घुसने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि जब सुरक्षाकर्मियों ने इन लोगों को रोका, तो कथित तौर पर उन्होंने एक संदिग्ध सरकारी पहचान पत्र दिखाया, गार्डों से बहस की और जबरन अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने बताया कि उनमें से एक के पास हथियार था।

मॉल के अधिकारियों की शिकायत के बाद, बीकेसी पुलिस ने ‘सरकारी कर्मचारी का भेष धारण करने और ‘घातक हथियार के साथ अवैध प्रवेश’ से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने तीनों लोगों को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘यह घटना सोमवार को शॉपिंग प्लाजा में हुई थी। यह एक पृथक मामला था, और हमने पुष्टि की है कि इसमें शामिल हथियार लाइसेंसी है। इस मामले का मंगलवार को मुंबई में माननीय प्रधानमंत्री के दौरे से कोई संबंध नहीं है।’

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई अपराध शाखा पहचान पत्र की सत्यता की जांच करने और आरोपियों के वास्तविक मकसद का पता लगाने के लिए समानांतर जांच कर रही है।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में